Breaking News

इनर व्हील क्लब ऑफ लखनऊ ने महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य और युवा खिलाड़ियों के पोषण को लेकर शुरू कीं तीन पहल

लखनऊ। इनर व्हील क्लब ऑफ लखनऊ, आईडब्ल्यू डिस्ट्रिक्ट 312 की ओर से महिला सुरक्षा, महिलाओं के स्वास्थ्य तथा युवा खिलाड़ियों के स्वास्थ्य एवं पोषण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तीन महत्वपूर्ण सामाजिक पहल की गईं। कार्यक्रम का आयोजन आज हॉल्वासिया कोर्ट स्थित इंडियन पैरा जूडो अकादमी में किया गया।

पहली पहल के तहत बालिकाओं के लिए जूडो एवं ताइक्वांडो आधारित आत्मरक्षा प्रशिक्षण की शुरुआत की गई। इसका उद्देश्य छात्राओं और युवा बालिकाओं को आत्मरक्षा की तकनीकों के साथ आत्मविश्वास, अनुशासन, शारीरिक फिटनेस और सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना है। क्लब की ओर से कहा गया कि बालिकाओं को आत्मनिर्भर और निर्भीक बनाने के लिए इस तरह के प्रशिक्षण महत्वपूर्ण हैं।

दूसरी पहल के अंतर्गत सर्वाइकल कैंसर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें केजीएमयू के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की प्रोफेसर डॉ. स्मृति अग्रवाल ने महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव, नियमित स्क्रीनिंग, शुरुआती पहचान और समय पर चिकित्सकीय परामर्श के महत्व की जानकारी दी। कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं से अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने का आह्वान किया गया।

तीसरी पहल के तहत युवा खिलाड़ियों के लिए स्वस्थ भोजन एवं पोषण पर संवादात्मक कार्यक्रम आयोजित किया गया। क्लब की एडिटर एवं न्यूट्रिशनिस्ट इंदु अग्रवाल ने खिलाड़ियों को संतुलित आहार, पर्याप्त पोषण, ऊर्जा, स्टैमिना और खेलों के बाद रिकवरी के लिए आवश्यक पोषक तत्वों की जानकारी दी। इस अवसर पर जरूरतमंद युवा खिलाड़ियों को प्रोटीन सप्लीमेंट भी वितरित किए गए।

क्लब की अध्यक्ष कविता अग्रवाल और सचिव सीए पल्लवी अग्रवाल ने कहा कि इन पहलों का उद्देश्य समाज में सुरक्षा, स्वास्थ्य, सशक्तिकरण और पोषण को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि आत्मविश्वासी बालिकाएं और स्वस्थ युवा खिलाड़ी ही मजबूत समाज की नींव बन सकते हैं।

कार्यक्रम में इनर व्हील क्लब ऑफ लखनऊ के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और इन सामाजिक अभियानों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

About Vskp-Admin

Check Also

इंडियन बैंक ने मनाया 120वां स्थापना दिवस और 80वां स्वतंत्रता दिवस: ‘विकसित भारत’ के निर्माण का लिया संकल्प

वित्तीय समावेशन की पाठशाला समाचार पटल  भारतीय बैंकिंग क्षेत्र के प्रमुख स्तंभ इंडियन बैंक ने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *