SLBC की समीक्षा बैठक में बैंकों को निर्देश—हर पात्र KCC किसान तक पहुंचे PMFBY का सुरक्षा कवच
वित्तीय समावेशन की पाठशाला | समाचार पटल
किसानों की सुरक्षा पर फोकस
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) खरीफ 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन और पात्र KCC धारक किसानों के शत-प्रतिशत बीमा कवरेज को लेकर राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (SLBC), उत्तर प्रदेश ने समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक की अध्यक्षता SLBC उत्तर प्रदेश के महाप्रबंधक एवं संयोजक श्री शैलेन्द्र कुमार सिंह ने की।
31 अगस्त तक निर्णायक अभियान
बैठक में बताया गया कि खरीफ 2026 के लिए PMFBY में नामांकन 5 अगस्त 2026 से शुरू हो चुका है, जबकि प्रीमियम डेबिट की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित है। सदस्य बैंकों से अभियान में तेजी लाने और प्रत्येक पात्र KCC ऋणी किसान का समयबद्ध फसल बीमा सुनिश्चित करने को कहा गया।
‘मिशन मोड’ में बैंक
SLBC संयोजक ने बैंकों को निर्देशित किया कि अभियान को मिशन मोड में चलाया जाए। अंचल एवं क्षेत्रीय स्तर पर प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा हो, ताकि पात्र किसानों का बीमा निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा कराया जा सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि लक्ष्य केवल पिछले वर्ष के आंकड़ों को पार करना नहीं, बल्कि प्रदेश के हर पात्र किसान को फसल बीमा के सुरक्षा कवच से जोड़ना होना चाहिए।
जागरूकता बनेगी हथियार
किसानों तक योजना की जानकारी पहुंचाने के लिए SMS, पोस्टर, बैनर, पंपलेट, सोशल मीडिया और अन्य संचार माध्यमों के प्रभावी इस्तेमाल पर जोर दिया गया। बैंक शाखाओं और स्थानीय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार के जरिए किसानों को बीमा प्रक्रिया की जानकारी देने की बात कही गई।
KCC संतृप्तिकरण पर जोर
बैठक में KCC संतृप्तिकरण अभियान को गति देने के लिए KRISHIKA App के व्यापक प्रचार और उपयोग पर भी जोर दिया गया। बैंकों से कहा गया कि शाखाओं, बैंक मित्रों और किसान जागरूकता शिविरों के माध्यम से किसानों को KCC आवेदन, सत्यापन और प्रगति की निगरानी के लिए डिजिटल माध्यमों का उपयोग करने के लिए प्रेरित करें।
समन्वय से लक्ष्य साधने की तैयारी
बैठक में कृषि विभाग, सदस्य बैंकों और बीमा कंपनियों के बीच बेहतर समन्वय एवं सतत निगरानी पर जोर दिया गया। SLBC के उपमहाप्रबंधक ने सभी संबंधित पक्षों से निर्धारित समय-सीमा में अधिकतम PMFBY कवरेज और KCC संतृप्तिकरण का लक्ष्य हासिल करने का आह्वान किया।
Vittiya Samaveshan Ki Pathshala
