Breaking News

एक ही छत के नीचे आधार, बैंकिंग और बीमा सेवाओं की सौगात

डाक विभाग की जनसेवा का महाअभियान

25 से 27 जुलाई तक लखनऊ में लगेगा विशेष सेवा शिविर

वित्तीय समावेशन की पाठशाला समाचार पटल #

आम नागरिकों को सरकारी सेवाएं सरल, सुलभ और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने की दिशा में भारतीय डाक विभाग ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। लखनऊ जी.पी.ओ. की ओर से 25 जुलाई से 27 जुलाई 2026 तक ग्रीन पार्क, क्लब हाउस, ओमेगा परिसर, उत्तरठिया, लखनऊ में तीन दिवसीय विशेष सेवा शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में नागरिकों को भारतीय डाक विभाग की विभिन्न योजनाओं, आधार सेवाओं, बैंकिंग सुविधाओं और बीमा सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर मिलेगा।

आधार से बैंकिंग तक हर सुविधा एक मंच पर

शिविर में नए आधार नामांकन, आधार संशोधन, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर एवं ई-मेल अपडेट, बायोमेट्रिक अपडेट तथा निर्धारित आयु वर्ग के बच्चों के लिए बाल आधार जैसी सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। साथ ही पात्र नागरिकों को आधार से जुड़ी अन्य आवश्यक सेवाएं भी प्रदान की जाएंगी।

बचत योजनाओं का मिलेगा सीधा लाभ

भारतीय डाक विभाग की लोकप्रिय बचत योजनाओं—बचत खाता (SB), आवर्ती जमा (RD), सावधि जमा (TD), मासिक आय योजना (MIS), पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF), वरिष्ठ नागरिक बचत योजना (SCSS) तथा सुकन्या समृद्धि योजना (SSA) के खाते खोलने और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी शिविर में रहेगी।

डिजिटल सेवाओं का भी मिलेगा लाभ

शिविर में इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) से संबंधित सेवाएं, डाक जीवन बीमा (PLI), बुकिंग सेवाएं, फिलेटली टिकट, माई स्टैम्प, BNPL ऑनलाइन पंजीकरण तथा अन्य डाक सेवाएं भी नागरिकों को उपलब्ध कराई जाएंगी।

जरूरी दस्तावेज साथ लाने की अपील

डाक विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि शिविर का अधिकतम लाभ उठाने के लिए वे आधार संबंधी मूल दस्तावेज, पंजीकृत मोबाइल नंबर तथा बैंकिंग सेवाओं के लिए आवश्यक केवाईसी (KYC) दस्तावेज अपने साथ अवश्य लेकर आएं।

यह विशेष शिविर नागरिक सेवाओं को घर के नजदीक पहुंचाने, डिजिटल सशक्तिकरण को बढ़ावा देने और वित्तीय समावेशन को मजबूत करने की दिशा में भारतीय डाक विभाग की एक प्रभावी पहल माना जा रहा है।

About Vskp-Admin

Check Also

हाईवे सफर हुआ पूरी तरह डिजिटल

एनएचएआई ने लॉन्च किए डिजिटल लोकल पास और ‘मार्गमित्र’ हेल्प सेंटर अब टोल प्लाजा जाने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *