वित्तीय समावेशन की पाठशाला | समाचार पटल
डिजिटल बैंकिंग के सफर में एक नया मील का पत्थर पार करते हुए सार्वजनिक क्षेत्र के प्रमुख बैंक, इंडियन बैंक ने ग्लोबल फिनटेक फेस्ट (GFF) 2026 में अपनी अत्याधुनिक डिजिटल सेवाओं का अनावरण किया है। बैंक ने इस वैश्विक मंच पर ग्राहकों के लिए तीन प्रमुख तकनीकी समाधान—‘एआई-तारा’, स्मार्ट वेल्थ और ‘इंड कैश ऑप्टिमा’ पेश किए हैं, जो वित्तीय समावेशन और ग्राहक अनुभव को एक नए शिखर पर ले जाने का वादा करते हैं।
बैंक द्वारा पेश किया गया ‘एआई-तारा’ (ट्रस्टेड रिलेशनशिप असिस्टैंट) एक अनूठा संवादात्मक वॉयस बैंकिंग समाधान है। यह तकनीक विशेष रूप से उन वरिष्ठ नागरिकों और ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है जो पारंपरिक मोबाइल ऐप्स के इस्तेमाल में सहज नहीं हैं। अब ग्राहक केवल अपनी आवाज के जरिए 10 अलग-अलग भाषाओं में फंड ट्रांसफर, आईएमपीएस और फिक्स्ड डिपॉजिट जैसी आवश्यक बैंकिंग सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।
इसके साथ ही, खुदरा निवेशकों के लिए ‘इंडस्मार्ट’ पर ‘स्मार्ट वेल्थ’ मॉड्यूल लॉन्च किया गया है। यह पर्सनल फाइनेंस मैनेजमेंट टूल ग्राहकों को उनके बैंक खातों, म्यूचुअल फंड्स, एनपीएस, इक्विटी और ईटीएफ जैसे सभी निवेश विकल्पों की जानकारी एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराता है। साथ ही, यह खर्चों के विश्लेषण के आधार पर व्यक्तिगत वित्तीय सलाह भी प्रदान करता है।
कॉरपोरेट जगत के लिए बैंक ने ‘इंड कैश ऑप्टिमा’ डिजिटल कैश मैनेजमेंट प्लेटफॉर्म पेश किया है। यह कागजी कार्रवाई को खत्म करते हुए डिजिटल कलेक्शन, मोबाइल-आधारित कैश मैनेजमेंट और इनवॉइस-टू-पेमेंट जैसी सेवाओं को एक सूत्र में पिरोता है, जिससे व्यवसायों को वित्तीय लेनदेन में पारदर्शिता और सुगमता मिलती है।
इंडियन बैंक के एमडी एवं सीईओ श्री बिनोद कुमार ने इस अवसर पर कहा कि हमारे ये समाधान तकनीक और सुगमता के बेहतरीन तालमेल का प्रतीक हैं, जिनका मुख्य उद्देश्य हर वर्ग के ग्राहक को सशक्त बनाना है।
Vittiya Samaveshan Ki Pathshala
