SBI ने CSR के तहत हेल्प यू ट्रस्ट को 25 लाख रुपये का चेक सौंपा
भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक सरोकार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए हेल्प यू एजुकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट, लखनऊ को कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत 25 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की। SBI के प्रबंध निदेशक श्री रवि रंजन ने 14 सितंबर को लखनऊ मंडल के दौरे के दौरान ट्रस्ट के प्रतिनिधियों को 25 लाख रुपये का चेक सौंपा।
इस वित्तीय सहायता का उपयोग लखनऊ के 10 प्राथमिक सरकारी स्कूलों के उन्नयन के लिए किया जाएगा। पहल का उद्देश्य सरकारी विद्यालयों में शैक्षिक सुविधाओं को मजबूत करना तथा बच्चों के लिए बेहतर और अनुकूल सीखने का वातावरण तैयार करना है। इसके माध्यम से शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ बच्चों के समग्र विकास और साक्षरता को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर SBI के प्रबंध निदेशक श्री रवि रंजन ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज और देश के विकास की बुनियाद है। उन्होंने कहा कि CSR के माध्यम से किया जा रहा यह योगदान शिक्षा क्षेत्र को मजबूत करने, बच्चों के समग्र विकास को गति देने और उच्च साक्षरता दर सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में भारतीय स्टेट बैंक, लखनऊ मंडल के मुख्य महाप्रबंधक श्री दिपेश राज, महाप्रबंधक-प्रथम श्री विमल किशोर, महाप्रबंधक-द्वितीय श्री राजीव कुमार तथा महाप्रबंधक-तृतीय श्री कौशलेंद्र कुमार भी उपस्थित रहे।
हेल्प यू एजुकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक एवं प्रबंध न्यासी श्री हर्ष वर्धन अग्रवाल ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
SBI की यह पहल शिक्षा और सामुदायिक विकास के प्रति बैंक की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। सरकारी प्राथमिक विद्यालयों के उन्नयन के लिए दी गई यह सहायता विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। CSR के माध्यम से बैंक द्वारा किए जा रहे ऐसे प्रयास समाज के जरूरतमंद वर्गों तक विकास के अवसर पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
Vittiya Samaveshan Ki Pathshala
