वित्तीय समावेशन की पाठशाला
समाचार पटल


राजधानी लखनऊ के गोमती नगर स्थित आईआईएस (IIA) भवन में आज ‘आयुष रेगुलेटरी कॉन्क्लेव 2026’ का भव्य और सफल आयोजन किया गया। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (IIA) की आयुष सब-कमेटी द्वारा आयुष मंत्रालय (भारत सरकार) और उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से आयोजित इस महाकुंभ में प्रदेश भर से जुडे 100 से अधिक आयुष निर्माताओं और प्रतिष्ठित उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ करते हुए IIA के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री दिनेश गोयल ने कहा कि आयुष उद्योग हमारे सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSME) का एक अत्यंत मजबूत स्तंभ है। हमारा निरंतर यह प्रयास है कि हर नियामक सुधार में स्थानीय उद्यमियों की आवाज मजबूती से सरकार तक पहुँचे। यह कॉन्क्लेव उद्योग जगत और शासन के बीच एक मजबूत सेतु की भूमिका निभा रहा है।
IIA के महासचिव श्री दीपक बजाज ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश के उद्यमियों को शासन-प्रशासन के साथ एक ही मंच पर सीधा संवाद उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। आयुष क्षेत्र में आईआईएस द्वारा आयोजित यह अपनी तरह का पहला अनूठा कॉन्क्लेव है, जिसे भविष्य में हर वर्ष आयोजित करने का संकल्प लिया गया है। कॉन्क्लेव के संयोजक व आयुष सब-कमेटी के चेयरमैन श्री रितेश श्रीवास्तव ने कहा कि ई-औषधि पोर्टल पारदर्शिता की दिशा में क्रांतिकारी कदम है, लेकिन इसके क्रियान्वयन में MSME सेक्टर को आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों को दूर करना ही आज का मुख्य उद्देश्य था।
विशिष्ट वक्ताओं की श्रृंखला में आयुष मंत्रालय के संयुक्त सलाहकार डॉ. देबाशीष पांडा ने कहा कि सरकार का मुख्य लक्ष्य ‘AOGUSY’ और ‘ई-औषधि’ के जरिए भारतीय आयुष उद्योग को वैश्विक पटल पर प्रतिस्पर्धी बनाना है। दिल्ली सरकार के सहायक औषधि नियंत्रक डॉ. विजय गर्ग ने कहा कि इस पोर्टल से लाइसेंसिंग प्रक्रिया में अभूतपूर्व पारदर्शिता आई है। उत्तर प्रदेश के औषधि निरीक्षक डॉ. सुदीप वर्मा ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार हर कदम पर एमएसएमई आयुष निर्माताओं के साथ खड़ी है। वहीं, बीआईएस (BIS) के श्री मयंक श्रीवास्तव ने जोर दिया कि गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन करने से उत्पादों की वैश्विक निर्यात क्षमता में भारी वृद्धि होगी।
कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री आलोक अग्रवाल ने सभी विभागों, वक्ताओं और दूर-दूर से आए प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस सफल आयोजन में मुख्य मॉडरेटर श्री अरुण श्रीवास्तव तथा सत्र मॉडरेटरों—श्री अभिजात शिखर, श्री गगन वोहरा और श्री शिवम गोयल की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही, जबकि कोषाध्यक्ष श्री अवधेश अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को और गरिमा प्रदान की।
Vittiya Samaveshan Ki Pathshala
