एडीपी-ईडीपी लागू करने वाला प्रदेश का पहला राज्य विश्वविद्यालय बना
एआई शिक्षा, 71 नए मल्टी-डिसिप्लिनरी कोर्स और पीजी प्रवेश प्रक्रिया को मिली रफ्तार
23 जुलाई को पहली मेरिट, 27 जुलाई से शुरू होगी पीजी काउंसलिंग
वित्तीय समावेशन की पाठशाला | समाचार पटल
डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाते हुए उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा परिदृश्य में ऐतिहासिक पहल की है। विश्वविद्यालय की 42वीं विद्या परिषद की बैठक में ऐसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं, जो विद्यार्थियों को अधिक लचीली, आधुनिक और रोजगारोन्मुखी शिक्षा उपलब्ध कराएंगे। इसी के साथ विश्वविद्यालय ने स्नातकोत्तर (पीजी) प्रवेश प्रक्रिया का विस्तृत कार्यक्रम भी जारी कर दिया है।
कुलपति प्रो. (आचार्य) संजय सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय एक्सेलरेटेड डिग्री प्रोग्राम (एडीपी) और एक्सटेंडेड डिग्री प्रोग्राम (ईडीपी) लागू करने वाला प्रदेश का पहला राज्य विश्वविद्यालय बन गया है। एडीपी के तहत मेधावी विद्यार्थी अतिरिक्त क्रेडिट लेकर चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम मात्र छह सेमेस्टर में पूरा कर सकेंगे, जबकि ईडीपी दिव्यांग एवं अन्य जरूरतमंद विद्यार्थियों को दो अतिरिक्त सेमेस्टर तक अध्ययन का अवसर देगा। इन दोनों योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त डिग्री सामान्य डिग्री के समान ही मान्य होगी।
विद्या परिषद ने स्नातक और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को स्किल एन्हांसमेंट कोर्स के रूप में शामिल करने को भी मंजूरी दी है। विद्यार्थियों को ChatGPT, Gemini, DeepSeek, Perplexity, Prompt Engineering, Machine Learning, Cyber Security तथा स्वास्थ्य, इंजीनियरिंग एवं पुनर्वास क्षेत्रों में एआई के व्यावहारिक उपयोग का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न विभागों में 71 मल्टी-डिसिप्लिनरी कोर्स भी स्वीकृत किए गए हैं।
विश्वविद्यालय ने शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए पीजी प्रवेश प्रक्रिया का कार्यक्रम भी घोषित कर दिया है। 23 जुलाई को पहली मेरिट सूची जारी होगी, जबकि 27 जुलाई से काउंसलिंग एवं दस्तावेज सत्यापन प्रारंभ होगा। दूसरी मेरिट सूची 30 जुलाई को जारी की जाएगी तथा प्रथम वेटिंग सूची के अभ्यर्थियों की प्रक्रिया 5-6 अगस्त तक पूरी होगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और समयबद्ध होगी। अभ्यर्थियों से सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित तिथियों पर उपस्थित होने तथा विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से अपडेट देखने की अपील की गई है।
Vittiya Samaveshan Ki Pathshala
