वित्तीय समावेशन की पाठशाला समाचार पटल
श्री रामस्वरूप मेमोरियल विश्वविद्यालय (एसआरएमयू) का भव्य दीक्षांत समारोह इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मास ऑडिटोरियम में अत्यंत गरिमामयी माहौल में संपन्न हुआ । समारोह में कुल 7,519 मेधावी छात्रों को उपाधियाँ प्रदान की गईं । उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए 405 विद्यार्थियों को पदक देकर अलंकृत किया गया, जिनमें 232 स्वर्ण, 165 रजत और 8 कुलाधिपति व सह-कुलाधिपति पदक शामिल हैं ।

नारी शक्ति का परचम: आठों शीर्ष पदकों पर छात्राओं का एकछत्र कब्ज़ा
इस दीक्षांत समारोह का सबसे गौरवान्वित करने वाला क्षण वह रहा जब सत्र 2021-22 से 2024-25 तक के सभी 8 सर्वोच्च संस्थागत पदकों (चांसलर्स एवं प्रो-चांसलर्स मेडल) पर छात्राओं ने अपना परचम लहराया । चांसलर्स मेडल आद्या शर्मा, खुशी बुधराजा, क्राति जैन और मुस्कान बुधराजा के नाम रहा । वहीं प्रो-चांसलर्स मेडल प्रणेता यादव, सौम्या सिंह, श्रेया श्रीवास्तव और राहत परवीन को प्रदान किया गया ।
भारतीय ज्ञान परंपरा और नैतिक मूल्यों को अपनाने का आह्वान
मुख्य अतिथि प्रो. (डॉ.) भूषण पटवर्धन (अध्यक्ष, डेक्कन कॉलेज एवं राष्ट्रीय अनुसंधान प्रोफेसर, आयुष मंत्रालय) ने छात्रों को भारतीय ज्ञान परंपरा को अपनाने, मानसिक दासता से मुक्त होने और नैतिक मूल्यों को अपना संबल बनाने की प्रेरणा दी । विशिष्ट अतिथि पूर्व राजदूत अखिलेश मिश्रा ने तैत्तिरीय उपनिषद के उपदेशों को याद दिलाते हुए सत्य, धर्म और निरंतर स्वाध्याय के पथ पर चलने का संदेश दिया ।

शिक्षा के प्रसार और समाज निर्माण में अग्रणी भूमिका
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति इं. पंकज अग्रवाल ने स्नातकों को ज्ञान का उपयोग राष्ट्र निर्माण और समाज कल्याण में करने का आह्वान किया । कुलपति प्रो. (डॉ.) विजय तिवारी ने विवि की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि विद्यार्थियों की संख्या 12,000 के करीब पहुँच चुकी है, जो बढ़ते जन-विश्वास का प्रतीक है ।

Vittiya Samaveshan Ki Pathshala
