ठाकुरगंज संयुक्त चिकित्सालय में कैंसर सर्जरी की बड़ी सफलता
मुख के कैंसर का सफल ऑपरेशन, मरीज स्वस्थ होकर घर लौटा
वित्तीय समावेशन की पाठशाला | समाचार पटल
राजधानी लखनऊ के ठाकुरगंज स्थित टीबी सह संयुक्त चिकित्सालय ने सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की क्षमता और विशेषज्ञता का प्रभावशाली उदाहरण प्रस्तुत करते हुए मुख के कैंसर की सफल शल्य चिकित्सा कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। अस्पताल की विशेषज्ञ टीम ने समय पर जांच, सटीक निदान और सफल सर्जरी के माध्यम से एक मरीज को नया जीवन देने में सफलता प्राप्त की।
चिकित्सालय में ठाकुरगंज निवासी 40 वर्षीय मरीज जीभ के किनारे लंबे समय से न भरने वाले घाव की शिकायत लेकर पहुंचा। ईएनटी विभाग की विशेषज्ञ डॉ. अनित्या श्रीवास्तव ने प्रारंभिक परीक्षण के बाद बायोप्सी कराने की सलाह दी। जांच रिपोर्ट में कैंसर की पुष्टि होते ही चिकित्सकों ने बिना विलंब ऑपरेशन का निर्णय लिया।
समय पर उपचार बना जीवनरक्षक
विशेषज्ञ टीम ने कैंसर प्रभावित हिस्से की सफल शल्य चिकित्सा के साथ सेलेक्टिव लिम्फ नोड डिसेक्शन भी किया। ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा और मरीज की स्थिति सामान्य होने के बाद उसे स्वस्थ अवस्था में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
विशेषज्ञ टीम की सराहनीय भूमिका
इस जटिल शल्य चिकित्सा को सफल बनाने में एनेस्थेटिस्ट डॉ. शाहिद अंसारी, ईएनटी सर्जन डॉ. अनित्या श्रीवास्तव, स्टाफ नर्स नीतू मिश्रा, अर्चना श्रीवास्तव, अरुणा देवी तथा ऑपरेशन थिएटर के अन्य कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर बढ़ा भरोसा
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आनंद त्रिपाठी ने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि चिकित्सालय की ईएनटी यूनिट आधुनिक सुविधाओं और प्रशिक्षित विशेषज्ञों के साथ सभी प्रकार की नाक, कान एवं गला संबंधी जटिल सर्जरी करने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और उपचार से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी पर भी प्रभावी नियंत्रण संभव है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि मुंह, जीभ, गले या नाक-कान से संबंधित कोई असामान्य लक्षण लंबे समय तक बने रहें तो उन्हें नजरअंदाज न करें और तत्काल चिकित्सालय के ईएनटी विभाग में विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेकर उपलब्ध सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाएं।
Vittiya Samaveshan Ki Pathshala
